जम्मू-कश्मीर को मिला नया डिप्टी CM, इन नए मंत्रियों ने भी ली शपथ

392

 

जम्मू-कश्मीर विधानसभा अध्यक्ष कवींद्र गुप्ता और सात अन्य ने राज्य की पीडीपी भाजपा गठबंधन सरकार के मंत्री के रूप में आज शपथ ली। अधिकारियों ने बताया कि गुप्ता राज्य के नए उपमुख्यमंत्री होंगे जिन्होंने निर्मल सिंह का स्थान लिया है। निर्मल ने रविवार रात प्रदेश के उपमुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। भाजपा के जिन नये चेहरों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी गयी है उनमें पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सतपाल शर्मा, कठुआ के विधायक राजीव जसरोटिया तथा सांबा के विधायक दविंदर कुमार मान्याल शामिल हैं।

राज्य सरकार में परिवहन राज्य मंत्री सुनील शर्मा को भाजपा ने कैबिनेट मंत्री के रूप में पदोन्नति दी है। डोडा के भाजपा विधायक शक्ति राज को राज्य मंत्री के रूप में शपथ दिलायी गयी है। पीडीपी के जिन मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल किया गया है उनमें पुलवामा के विधायक मोहम्मद खलील बांद और सोनवर के विधायक मोहम्मद अशरफ मीर शामिल हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव तथा प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने शपथग्रहण समारोह में हिस्सा लिया।
किसको मिला कौन-सा पद
1. कविन्द्र गुप्ता को डिप्टी सीएम का कार्यभार दिया गया है। उन्होंने हिन्दी में अपने पद की शपथ ली।
2. मोहम्मद खलील बंड ने उर्दू भाषा में मंत्री पद और गोपनियता की शपथ ग्रहण की।
3. सत्त शर्मा ने हिन्दी भाषा में शपथ ली। सत्त शर्मा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं।
4. सांबा से विधायक डा देवेन्द्र मन्याल ने भी हिन्दी भाषा में मंत्री पद की शपथ ली। उन्हें पहली बार मंत्री बनाया गया है।
5. विधायक राजीव जसरोटिया ने अंग्रेजी में यापथ ली।
6. सुनील कुमार शर्मा ने हिन्दी भाषा में शपथ ग्रहण की।
7. पीडीपी विधायक मोहम्मद अशरफ मीर ने अंग्रेजी भाषा में शपथ ली।
फेरबदल का कठुआ केस से कोई संबंध नहीं
राम माधव ने जम्मू कश्मीर सरकार में फेरबदल के लेकर कहा है कि इसका कठुआ रेप कांड से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार ने अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे कर लिए हैं और इसलिए भाजपा ने नये चेहरों को मौका दिया है। गौरतलब है कि कठुआ कांड को लेकर भाजपा के दो मंत्री, लाल सिंह और चन्द्र प्रकाश ने अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।