मामूली विवाद में महिला कांस्टेबल को बीच सड़क पति ने मारा चाकू, सात माह पहले हुई थी शादी

435
Photo for representation only.

चंडीगढ़, जून 13:  यूटी पुलिस की महिला कांस्टेबल पर मामूली विवाद में पति ने चाकू से हमला कर दिया। वारदात की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल कांस्टेबल को पीजीआइ में भर्ती करवाया। वहीं आरोपित पति को राउंडअप कर पुलिस पूछताछ और मामले की जांच में लगी है। पीड़ित महिला कांस्टेबल 21 वर्षीय भूपेंदर काैर चंडीगढ़ पुलिस में तैनात है। उनकी ड्यूटी सेक्टर-29 ट्रैफिक पुलिस लाइन में लगी हुई है। जानकारी के अनुसार महिला कांस्टेबल भूपेंदर कौर की आर्मीमैन शमशेर सिंह से नवंबर 2018 में शादी हुई थी। लेकिन, शादी के कुछ समय बाद ही दोनों ने मामूली बातों को लेकर अनबन होनी शुरू हो गई।

आरोप है कि मई 2019 में महिला कॉन्स्टेबल के पति आरोपित शमशेर ने नयागांव में हमला किया था। वारदात की शिकायत महिला कांस्टेबल ने नयागांव थाने में दर्ज करवा दी। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वीरवार सुबह कांस्टेबल भूपेंदर कौर एक्टिवा पर ड्यूटी पर जा रही थी। अभी महिला कांस्टेबल लाइट प्वाइंट के पास पहुंची कि पहले से वहां खड़े पति ने रास्ता रोक लिया।

पहले दोनों के बीच कुछ कहासुनी हुई फिर अचानक तेजधार हथियार से हमला कर दिया। घायल महिला कांस्टेबल सड़क पर गिर गई और मौजूद लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आरोपित को राउंडअप कर महिला कांस्टेबल को पीजीआइ में भर्ती करवाया।