मुख्यमंत्री ने किया श्री सत्य साई संजीवनी जन्मजात ह्रदय रोग अनुसंधान केन्द्र का शुभारंभ

567

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने श्री सत्य साई संजीवनी जन्मजात ह्रदय रोग अनुसंधान केन्द्र का शुभारंभ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सद्प्रयासों से ही देश मे ह्रदयरोगियों को काफी कम मूल्यों 30 हजार रूपये पर स्टेंट उपलब्ध हो रहे है। पलवल में श्री सत्य साई स्वास्थ्य एवं शिक्षा ट्रस्ट द्वारा स्थापित किए गए श्री सत्य साई संजीवनी जन्मजात ह्रदय रोग अनुसंधान केन्द्र का उद्घाटन करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अनुसंधान केन्द्र की स्थापना से बच्चों की ह्रदय रोग चिकित्सा में अनुसंधान को देश में नई दिशाएं मिलेंगी और बच्चों को ह्रदय रोगों के सफल उपचार की दक्ष चिकित्सा व शल्य चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पलवल में श्री सत्य साई संजीवनी जन्मजात ह्रदय रोग अनुसंधान केन्द्र का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पलवल में श्री सत्य साई स्वास्थ्य एवं शिक्षा ट्रस्ट द्वारा वर्ष 2016 में स्थापित श्री सत्य साई संजीवनी इंटरनैशनल सेंटर फोर चाइल्ड हार्ट केयर एंड रिसर्च सेंटर को ‘उपचार का मंदिर ‘ की संज्ञा देते हुए कहा कि ज़रूरतमंदों विशेषकर निर्धनों की निशुल्क चिकित्सा करने वाले इस प्रकार के चिकित्सा संस्थानों की हरियाणा में स्थापना के लिए हरियाणा सरकार सहायता-सहयोग के लिए सदैव तत्पर है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 27 नवंबर;2016 को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से श्री सत्य साई संजीवनी इंटरनैशनल सेंटर फोर चाइल्ड हार्ट केयर एंड रिसर्च सेंटर की स्थापना की थी।हरियाणा के मुख्यमंत्री ने अस्पताल व अनुसंधान केन्द्र का दौरा कर अवलोकन भी किया। सत्य साई संजीवनी जन्मजात ह्रदय रोग अनुसंधान केन्द्र पूरे देश में प्रथम अनुसंधान केन्द्र है। इस अनुसंधान केन्द्र से जन्मजात ह्रदयरोगों के मूल कारणों व कारकों का पता लगाने व उपचार को और अधिक सक्षम बनाने का मार्ग प्रशस्त हो सकेगा। मुख्य मंत्री ने पलवल में रोड शो में भी हिस्सा लिया जिस में सड़कों पर भारी भीड़ ने फूल मालाओं से मुख्य मंत्री का स्वागत किया।