वृद्धजनों के जीवन अनुभवों से सीख ले युवा पीढ़ी -बेदी

430

हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री, कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि वृद्धजनों का हमें सम्मान करना चाहिए तथा उनके जीवन अनुभवों से युवा पीढ़ी को सीख लेनी चाहिए। सूचना प्रौद्योगिकी के युग में युवा हमारी संस्कृति व नैतिक मूल्यों से दूर होकर पाश्चात्य संस्कृति की ओर बढ़ रहा है, जो एक चिंता विषय है।
वे चंडीगढ़ में ‘विश्व वृद्धजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस’ की पूर्व संध्या पर हैल्प एज इंडिया द्वारा हरियाणा में किये गए सर्वे पर रिपोर्ट जारी करने उपरांत बोल रहे थे। उन्होंने हैल्प एज इंडिया द्वारा किये गए प्रयासों की सराहना की। इस वर्ष की रिपोर्ट का विषय बदलते सांस्कृतिक मूल्यों एवं प्रौद्योगिकी बदलाव रखा गया है। हैल्प एज इंडिया द्वारा देशभर के 23 शहरों में वृद्धजनों के प्रति दुर्व्यवहार पर सर्वे किया गया है और हरियाणा के फरीदाबाद शहर में सर्वे किया गया, जिसकी रिपोर्ट सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री, श्री कृष्ण कुमार बेदी को दी गई। इस अवसर पर हैल्प एज इंडिया के सीईओ, मैथ्यू चैरियन एवं मुख्य संचालक अधिकारी रोहित प्रसाद भी उपस्थित थे।