दुष्यंत और दिग्विजय के निष्कासन पर नोटिस ना मिलने की बात पर बोले अभय, कहा या तो वो लोग मूर्ख हैं या फिर आपको मूर्ख बना रहे हैं

406
Abhay Chautala File Photo

इनेलो पार्टी से दुष्यंत और दिग्विजय के निष्कासन पर नोटिस ना मिलने की बात कहे जाने पर आज अभय सिंह चौटाला ने कहा कि या तो वो लोग मूर्ख हैं या फिर आपको मूर्ख बना रहे हैं। बता दें कि अभय सिंह चौटाला आज सिरसा में कार्यकर्ताओ की मीटिंग के बाद प्रेस से रूबरू हो रहे थे।
अभय ने पार्टी से इस्तीफे दिए जाने के सवाल के जवाब में कहा कि ये सब सोशल मीडिया की देन है। उनका कोई भी कार्यकर्ता इस्तीफा नहीं दे रहा और जो लोग इस्तीफा दे रहे हैं, उनके पास कोई भी पद नहीं है। उन्होंने कहा कि वे लोग तो कांग्रेस के लोग हैं जिन्होंने इनेलो को कमजोर करने के लिए गोहाना की रैली में गड़बड़ की थी। कांग्रेस के कुछ पेड लोग इनसो और यूथ में आ गए थे इसलिए उन्हें भी भंग किया गया था। इसलिए उन लोगों के इस्तीफे देने से पार्टी पर कोई असर नहीं ये तो केवल भ्रम पैदा करने के लिए है।
अभय ने बताया कि संगठन का काम या तो अशोक अरोड़ा जी देखते हैं या फिर ओम प्रकाश चौटाला और कल ही उन्होंने इन इकाइयों का पुनर्गठन किया है। वही दुष्यंत और दिग्विजय द्वारा ये कहे जाने पर कि उन्हें पार्टी की तरफ से निष्कासन का अभी तक आधिकारिक नोटिस नहीं मिला है अभय चौटाला ने कहा कि या तो वे लोग मूर्ख हैं या फिर आपको मूर्ख बना रहे हैं।
अभय चौटाला ने प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि दीवाली के बाद चंडीगढ़ में प्रेस के सामने सबूत के साथ उनके भ्रष्टाचार को सामने लाने का काम करेंगे। वहीं उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि वो तो फकीर हैं झोला लेकर आये थे झोला लेकर ही चले जायेंगे, लेकिन उनकी सरकार आने पर झोले की भी तलाशी ली जाएगी कि वो क्या लेकर आये थे और क्या लेकर जा रहे हैं इन सारी बातो की जाच की जाएगी।
अभय चौटाला ने अपने सम्बोधन में कहा कि SYL को लेकर उनका प्रदेश की जनता से मीटिंग का दौर जारी है और 15 नवंबर के बाद आंदोलन का निर्णय लिया जायेगा। वही कांग्रेस पर निशाना साधते हुए चौटाला ने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी के लोग डरे हुए हैं और भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सुरजेवाला को तो इनेलो सरकार के आने के 24 घंटो के अंदर ही जेल भेजने का काम किया जायेगा।