श्रीनगर-लेह हाईवे पर शुक्रवार सुबह अमरनाथ यात्रियों से भरी बस पलटने से दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों घायलों को पास के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बस संख्या जेके 14सी-2397 बालटाल कैंप से अमरनाथ यात्रियों को लेकर श्रीनगर जा रही थी। यह हादसा गांदरबल जिले के गनीवन क्षेत्र में उस समय हुआ जब बस बेकाबू होकर सड़क से फिसल गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को बस से निकालकर पास के ही एक अस्पताल में पहुंचाया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
गौरतलब है कि भूस्खलन की घटनाओं के कारण अमरनाथ यात्रा के लगातार दो दिन स्थगित रहने के बाद शुक्रवार को पहलगाम मार्ग से यात्रा शुरू हो गई। वहीं बालटाल मार्ग से लगातार तीसरे दिन भी यात्रा स्थगित है। यात्रा के मार्ग में पड़ने वाले स्थानों पर भारी बारिश और कई स्थानों पर भूस्खलन एवं चट्टान गिरने के चलते दोनों मार्गों से बुधवार को यात्रा स्थगित कर दी गई थी।
श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के एक प्रवक्ता ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में पड़ने वाले पहलगाम मार्ग से आज सुबह यात्रा फिर से शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में बालटाल मार्ग से यात्रा अब भी स्थगित है। श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर कंगन के दानीबाग इलाके में और आधार शिविर के पास भूस्खलन होने के चलते यात्रा शुरू नहीं हो सकी है।
दानीबाग में भूस्खलन होने के कारण लद्दाख क्षेत्र से घाटी को जोड़ने वाले एकमात्र मार्ग श्रीनगर – लेह मार्ग को बंद रखा गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने आज बताया कि बालटाल मार्ग पर मंगलवार की रात बरारीमार्ग और रेलपटरी के बीच हुए भूस्खलन में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। वहीं पिछले तीन दिनों में चट्टान गिरने की घटना में दो तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। यात्रा शुरू होने के बाद से दिल का दौरा पड़ने से अबतक छह श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है।
अब तक इस साल 68,000 तीर्थयात्री अमरनाथ यात्रा कर चुके हैं। यह तीर्थयात्रा 28 जून को शुरू हुई थी।
















































