हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल के मंडी क्षेत्र में दो दिन पहले बीमारी के कारण मृत्यु को प्राप्त हुए सात श्रमिकों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इन श्रमिकों के लिए मंडी के आढ़तियों ने भी 50-50 हजार रुपये सहयोग के रूप में देने का आश्वासन दिया है।
मनोहर लाल ने आज कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज, करनाल में जाकर नई अनाज मंडी में काम करने वाले बीमार श्रमिकों का हाल-चाल जाना और सरकार की ओर से इनके निशुल्क इलाज का आश्वासन भी दिया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अनाज मंडी क्षेत्र में दो दिन पहले सात श्रमिकों की मृत्यु हो गई थी, इसके लिए उनके मन में गहरा दुख है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की मृत्यु के कारणों की जांच की जा रही है। जो श्रमिक बीमार हैं, उनका कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने भाजपा नेता अमरेन्द्र सिंह अरोड़ा के निवास स्थान पर जाकर उनके पिता समाजसेवी दर्शन सिंह के स्वर्गवास पर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने डेरा कार सेवा में जाकर माथा टेका, श्रद्धालुओं से बातचीत की और डेरा के संचालक बाबा सुक्खा सिंह का हाल-चाल जाना।