बहादुरगढ़ में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का आज पांचवा दिन, भाजपा पार्षद पाले शर्मा का जलाया पुतला

447

बहादुरगढ़ में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का आज पांचवा दिन है। सफाई कर्मचारी काम छोड़ कर नगर परिषद के गेट के सामने धरना देकर बैठे हैं। सफाई कर्मचारी अपने साथी कर्मचारी के साथ हुई मारपीट के आरोपी बहादुरगढ़ नगर परिषद के मनोनीत पार्षद पाले राम शर्मा की गिरफ्तारी की मांग पर अब भी अड़े हुए हैं।

इसी को लेकर सफाई कर्मचारियों ने आज एक मशाल जुलूस निकाला और बहादुरगढ़ के लाल चौक पर आरोपी पार्षद का एक पुतला भी फूंका। पुतला जलाने से पहले सफाई कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतले की पिटाई भी की।

दरअसल, नगर परिषद के सफाई कर्मचारी भाजपा के मनोनीत पार्षद पाले राम शर्मा की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं पाले और उनके परिचित सोनू के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के साथ-साथ एससी- एसटी एक्ट के तहत भी पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

पाले राम शर्मा पर आरोप है कि उन्होंने सिटी पार्क मेट्रो स्टेशन के पास अतिक्रमण हटाने के नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों के साथ मारपीट की और जातिसूचक गाली गलौज भी की थी। जिसके बाद कर्मचारियों को गोली मारने तक की धमकी दी गई। जिसके विरोध में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी और सफाई कर्मचारियों ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। लेकिन 5 दिन बीतने के बावजूद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई।

उनका कहना है कि शहर के बड़े अधिकारी सफाई कर्मचारियों पर समझौते के लिए दबाव बना रहे हैं। वहीं सफाई कर्मचारियों ने अब सख्त रूख अपनाते हुए गिरफ्तारी नहीं होने तक काम पर नहीं लौटने का ऐलान कर दिया है। कर्मचारियों का साफ कहना है कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होगी, वह ऐसे ही धरना प्रदर्शन करते रहेंगे और काम पर बिल्कुल भी नहीं लौटेंगे।

वहीं सफाई कर्मचारियों के समर्थन में अब शहर के 25 पार्षद और गांव की सरपंच एसोसिएशन भी साथ आ गई है। हरियाणा सरपंच एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयंत तंवर का कहना है कि आरोपी को अगर जल्द से जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो हरियाणा की सरपंच एसोसिएशन भी कामकाज बंद कर देगी।

हम आपको बता दें कि आरोपी मनोनीत पार्षद विधायक नरेश कौशिक के खास आदमी है और नगर परिषद के चुनाव में हार जाने के बावजूद भी सरकार ने उन्हें नगर परिषद का मनोनीत पार्षद बनाया है। एक तरफ जहां पुलिस, प्रशासन और सत्ता से जुड़े लोग न जाने किस दबाव के कारण मामले को रफा- दफा करने की कोशिश कर रहे हैं।

वहीं सफाई कर्मचारी नगर परिषद के 25 पार्षद और सरपंच एसोसिएशन हरियाणा आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर खड़ी हुई है। इस लड़ाई का खामियाजा शहर के आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है क्योंकि सफाई कर्मचारियों की 5 दिन से जारी हड़ताल के कारण पूरा शहर गंदगी से भर गया है। कूड़े का उठान नहीं होने के कारण जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और तीखी दुर्गंध लोगों को परेशान कर रही है।